रणजी ट्रॉफी : छत्तीसगढ़ के रवि ने रचा इतिहास…जम्मू एवं कश्मीर के खिलाफ झटके सात विकेट, बने प्लेयर ऑफ द मैच
Ravi Kiran - Player of the match
मेजबान छत्तीसगढ़ ने जम्मू एवं कश्मीर के खिलाफ बढ़त हासिल कर प्राप्त किए तीन अंक

कप्तान अमनदीप ने खेली 156 रन की शतकीय पारी
रायपुर। रणजी ट्रॉफी 2025-26 का आयोजन 15 अक्टूबर से किया जा रहा है। जिसमें ग्रुप डी में छत्तीसगढ़ की टीम का तीसरा मैच 1 से 4 नवंबर को शहीद वीर नारायण सिंह अंर्तराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, रायपुर में जम्मू एवं कश्मीर की टीम के खिलाफ खेला गया। मैच ड्रा पर समाप्त हुआ। छत्तीसगढ़ की टीम ने पहली पारी में बढ़त प्राप्त कर तीन अंक हासिल किए।
छत्तीसगढ़ ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया था जिस पर जम्मू एवं कश्मीर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 122.1 ओवरों में 10 विकेट खोकर 394 रन बनाए। जम्मू एवं कश्मीर की ओर से शुभम खजुरीया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 190 रन बनाए। पारस डोगरा ने भी 59 रनों की उपयोगी पारी खेली। उनके अतिरिक्त कन्हैया वाधवन ने 42 रन तथा उमर नाजीर ने नाबाद 40 रन बनाये। छत्तीसगढ़ की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए गेंदबाज रवि किरण ने 7 विकेट प्राप्त किए , रणजी ट्राॅफी में छत्तीसगढ़ टीम के लिए एक पारी में 7 विकेट लेकर रवि किरण ने इतिहास रच दिया। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं अजय मंडल, आदित्य सरवटे तथा सौरभ मजूमदार को 1-1 विकेट प्राप्त किए।

छत्तीसगढ़ ने बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में चौथे दिन 168.2 ओवरों में 9 विकेट खोकर 505 रन बनाए तथा पारी घोषित कर दी। छत्तीसगढ़ की ओर से कप्तान अमनदीप खरे ने शानदार शतक लगाते हुए 156 रनों की पारी खेली तथा टीम को पहली पारी की बढ़त प्राप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके अतिरिक्त आशुतोष सिंह ने 90 रनों का योगदान दिया । आदित्य सरवटे ने 79 रन तथा अराफात खान ने 49 रन बनाए। वहीं जम्मू एवं कश्मीर की ओर से वंशज शर्मा ने 3 विकेट, आकिब नबी और उमर नजीर ने 2-2 विकेट प्राप्त किये। छत्तीसगढ़ की टीम ने पहली पारी की बढ़त प्राप्त कर तीन अंक हासिल किए।
