आशीष-अजय की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से जीता राजनांदगांव, बस्तर बायसंस को 10 विकेट से हराया
रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग में शुक्रवार को राजनांदगांव पैंथर्स ने बस्तर बायसंस को 10 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पैंथर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बस्तर बायसंस ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 141 रन बनाए। टीम की ओर से अवनीश सिंह धालीवाल ने 18 गेंदों में 25 रन, जबकि राहुल प्रधान ने 24 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में राजनांदगांव की ओर से ऐश्वर्य मार्या ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट, जबकि जिवेश भुटे ने 2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजनांदगांव पैंथर्स की टीम ने 13.5 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 142 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। टीम की ओर से आशीष डहरिया ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 82 रन नाबाद, जबकि कप्तान अजय मंडल ने 60 रन की नाबाद की शानदार पारी खेली। इस जीत के साथ राजनांदगांव पैंथर्स ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।

