Big StoryRaigarh

30 क्विंटल चावल सहित पिकअप जब्त, चालक पर कार्रवाई

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चक्रधरनगर पुलिस की कार्रवाई



रायगढ़,(गौरी शंकर गुप्ता)। जिले में अवैध खाद्य सामग्रियों की कालाबाजारी और अमूल्य खनिजों के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के तहत चक्रधरनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन और एडिशनल एसपी श्री अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में जिलेभर में प्रमुख चेक प्वाइंट्स पर लगातार वाहन जांच की जा रही है। इसी क्रम में थाना चक्रधरनगर पुलिस टीम ने जमुनाईन चौक पर नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच करते हुए एक सफेद रंग की टाटा योद्धा पिकअप (CG 13 AF 5689) को रोका।

तलाशी के दौरान वाहन में चावल की बोरियां लदी मिलीं। चालक जयनंद मालाकार (36 वर्ष), निवासी सेमरा थाना पुसौर से जब परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। अवैध परिवहन की आशंका पर पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत कार्रवाई करते हुए चालक के कब्जे से 60 बोरी सीलबंद चावल (प्रत्येक 50 किलोग्राम), कुल 30 क्विंटल चावल तथा पिकअप वाहन को जब्त कर लिया।

मामले की अग्रिम कार्रवाई के लिए खाद्य अधिकारी रायगढ़ को सूचना दे दी गई है। थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे और आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जिले में अमूल्य खनिजों के अवैध परिवहन और सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी खाद्य सामग्री की अनियमितताओं पर कड़ी नजर रखी जा रही है, और ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button