Big StoryNationalSports

T-20 विश्व कप विजेता टीम इंडिया का स्वदेश पहुंचने पर भव्य स्वागत-सम्मान

नई दिल्ली। हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद टी-20 वर्ल्डकप चैंपियन भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा, ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या, सूर्यकुमार यादव और ऋषभ पंत सहित अधिकांश खिलाड़ियों ने डांसरों के साथ भांगड़ा डांस किया। इस दौरान तैनात सुरक्षाकर्मियों के चेहरों पर भी मुस्कान थी। लंबी यात्रा की थकान के बावजूद खिलाड़ियों ने उन सभी से हाथ मिलाया ।



कोहली ने बुमराह की जमकर सराहना की
सम्मान समारोह के दौरान एंकर गौरव कपूर ने कोहली से पूछा, मैं जसप्रीत बुमराह को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने के लिए एक याचिका पर हस्ताक्षर करने की सोच रहा हूं। क्या आप इस पर हस्ताक्षर करेंगे? कोहली ने बिना किसी हिचक के तुरंत कहा, ‘मैं यह अभी करने के लिए तैयार हूं।’ कोहली ने वानखेड़े स्टेडियम पर मौजूद दर्शकों से बुमराह के लिए ताली बजाने की भी अपील की। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर कोहली ने कहा, मैं चाहूंगा कि सभी एक ऐसे खिलाड़ी के लिए ताली बजाएं, जिसने हर मैच में हमारी वापसी कराई वो हैं जसप्रीत बुमराह। फाइनल में आखिरी पांच ओवर में से दो ओवर गेंदबाजी की और गजब की वापसी कराई। बुमराह सदियों में से मिलने वाले एक गेंदबाज हैं। उनके लिए यह विश्व कप शानदार रहा है। कोहली ने कहा, मैं फैंस को धन्यवाद कहना चाहूंगा। ये ऐसी चीज है जो मैं कभी नहीं भूलूंगा। पिछले चार दिन शानदार रहे हैं। हम बारबाडोस से जल्द से जल्द वापस आना चाहते थे, लेकिन बेरिल तूफान ने रोक लिया। हमारे लिए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल भी विशेष था। हर फैन की तरह हमें भी लगा था कि मैच फिसल रहा है, लेकिन आखिरी पांच ओवर में हमने बाजी पलट दी। 

‘ट्रॉफी जीतने के लिए बेताब थे’
फाइनल के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास की घोषणा करने वाले कोहली ने कहा, जब 2007 या 2011 में हमने विश्व कप जीता था तो सीनियर खिलाड़ी खूब रोए थे, लेकिन मैं उनसे कनेक्ट नहीं कर पाया था और सोच रहा था कि क्यों इमोशनल हो रहे हैं। लेकिन अब जब हम सीनियर हो चुके हैं तो हम उसे महसूस कर सकते हैं। चाहे मैं हूं या रोहित दोनों पिछले काफी समय से ट्रॉफी जीतने में लगे थे। पहले मेरी कप्तानी में और फिर रोहित की कप्तानी में। हम दोनों इस ट्रॉफी को जीतने के लिए बेताब थे, लेकिन किसी न किसी वजह से हम जीत नहीं पा रहे थे। अब जब हम जीते हैं तो हमारे लिए यह खास है। जीत कर वापस से वानखेड़े आना हमारे लिए खास है।

कप्तान रोहित को लेकर क्या बोले कोहली?
फाइनल मैच के बाद एक तस्वीर काफी वायरल हुई थी जिसमे रोहित शर्मा और कोहली एक साथ हाथ में तिरंगा लेकर खड़े हैं। इसे लेकर जब कोहली से पूछा गया तो उन्होंने कहा, मैं इंटरनेट ब्रेक करने के बारे में नहीं जानता, लेकिन 15 साल के करियर में मैंने रोहित को इतना भावुक होते हुए नहीं देखा। मैं ड्रेसिंग रूम में जा रहा था और रोहित बाहर निकल रहे थे। दोनों भावुक थे और हमने एक दूसरे को गले लगाया। वह पल मेरे लिए खास रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button