हाईवे पर डीजल चोरी का भंडाफोड़: लाइन होटल संचालक गिरफ्तार, 150 लीटर अवैध डीजल जप्त

घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। हाईवे पर खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी कर उसकी अवैध खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देश पर घरघोड़ा थाना पुलिस ने ग्राम भालुमार स्थित एक लाइन होटल में छापेमारी कर होटल संचालक को गिरफ्तार करते हुए 150 लीटर चोरी का डीजल जप्त किया है।

थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भालुमार निवासी वेणुधर पात्रो अपने पात्रो होटल में अवैध रूप से डीजल संग्रह कर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल परिसर में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान होटल के पास 15-15 लीटर क्षमता वाले टीनों में कुल 150 लीटर डीजल, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹15,000 है, बरामद किया गया। पुलिस द्वारा डीजल भंडारण व बिक्री से संबंधित लाइसेंस प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया गया, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
आरोपी वेणुधर पात्रो पिता स्व. कार्तिको पात्रो (उम्र 55 वर्ष), निवासी अमलीडीह, थाना घरघोड़ा के विरुद्ध थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 35/2026 धारा 287 बीएनएस एवं 3, 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के पास कोई अग्निशामक यंत्र अथवा वैध लाइसेंस नहीं था, जिससे सार्वजनिक सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था।
पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में जप्ती पत्रक तैयार कर डीजल जप्त किया और आरोपी को हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार कर विवेचना में लिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एएसआई राम संजीवन वर्मा, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक खगेश्वर नेताम, प्रदीप तिग्गा एवं महिला आरक्षक आशा मिंज की सराहनीय भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में चोरी के डीजल की खरीद-बिक्री जैसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
