
देश में गणेशोत्सव की धूमधाम शुरू हो गई। इस 10 दिवसीय उत्सव में भगवान गणेश की मिट्टी की मूर्तियों की स्थापना की जाती है। इस दौरान लोग गणेश जी के मंदिर जाकर उनकी पूजा-अर्चना करते हैं और उनसे आशीर्वाद मांगते हैं। देश में ऐसे प्रसिद्ध गणेश मंदिर हैं जहां दर्शन करने मात्र से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। वैसे तो इन गणपति मंदिरों में रोज ही हजारों की संख्या में भक्त पहुंचते हैं मगर गणेशोत्सव के दौरान यह संख्या दोगुनी-चौगुनी तक हो जाती है।
सिद्धिविनायक मंदिर (मुंबई)
मुंबई में स्थित सिद्धिविनायक मंदिर सबसे प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है और यह भगवान गणेश को समर्पित है। यहां के गणेश को नवसाचा गणपति भी कहा जाता है। यह मंदिर राज्य की सबसे पुरानी इमारतों में से एक है और इसे साल 1801 में बनाया गया था। इसके अलावा यहां किसी भी धर्म के लोगों के प्रवेश पर पाबंदी नहीं है।
गणपतिपुले मंदिर (रत्नागिरी)
गणपतिपुले मंदिर महाराष्ट्र के कोंकण में रत्नागिरी जिले में स्थित एक प्रसिद्ध मंदिर है। यह भगवान गणेश को समर्पित मंदिर है। इस मंदिर में लगभग 400 साल पुरानी गणपति की मूर्ति है। ऐसा माना जाता है कि यह मूर्ति प्राकृतिक रूप से उत्पन्न हुई है। गणपतिपुले मंदिर में भक्तों का तांता सालभर लगा रहता है, लेकिन गणेशोत्सव में यहां की रौनक अधिक बढ़ जाती है।
त्रिनेत्र गणेश मंदिर (राजस्थान)
राजस्थान के रणथंभौर में स्थित त्रिनेत्र मंदिर लगभग 1 हजार साल से भी ज्यादा पुराना गणेश मंदिर है। यह गणेश मंदिर पूरी दुनिया में पहला गणेश मंदिर है जहां गणेश जी की त्रिनेत्री प्रतिमा विद्यमान है। इसमें तीसरा नेत्र ज्ञान का प्रतीक माना जाता है। यह प्रतिमा स्वयं भू प्रकट है। खास बात यह है कि इस मंदिर में गणेश जी की पत्नी रिद्धि और सिद्धि और दो पुत्र शुभ-लाभ भी मौजूद हैं। यह मंदिर अरावली और विंध्याचल की पहाड़ियों में स्थित है। यह मंदिर करीब 1000 साल पुराना बताया जाता है।



