gharghodaState

घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में तेंदुपत्ता शाख कर्तन सीजन-2026 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। रायगढ़ वन मंडल अंतर्गत घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में तेंदुपत्ता सीजन वर्ष 2026 की तैयारियों को लेकर एक दिवसीय शाख कर्तन (बूटा कटाई) संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन एस.डी.ओ. (वन) कार्यालय परिसर में किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में वन परिक्षेत्र के सभी फड़ प्रभारी, फड़ मुंशी तथा प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समितियों के अध्यक्षों को तकनीकी एवं प्राथमिक जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सहित तेंदुपत्ता संग्रहण कार्य से जुड़े कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सीजन 2026 के लिए तेंदुपत्ता संग्रहण दर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा निर्धारित की गई है, जबकि शाख कर्तन कार्य की मजदूरी 70 रुपये प्रति मानक बोरा तय की गई है। वन परिक्षेत्र अंतर्गत 13 समितियां, विभिन्न लॉट तथा 85 छड़ संचालित हैं, जिनसे सैकड़ों संग्रहकों की आजीविका प्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हुई है। प्रशिक्षण के दौरान पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से शाख कर्तन की आवश्यकता, उपयुक्त समय, स्थान एवं वैज्ञानिक पद्धति पर विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि समय पर एवं वैज्ञानिक तरीके से की गई शाख कर्तन से तेंदुपत्ता की गुणवत्ता में सुधार होता है, उत्पादन बढ़ता है तथा पौधों का समुचित विकास सुनिश्चित होता है। इसके साथ ही निरीक्षण प्रक्रिया, भुगतान प्रणाली तथा कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर भी विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया।



Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button