क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 में कलेक्टर-11 की एसडीएम-11 पर रोमांचक जीत
अंतर विभागीय ड्यूस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 पूरे उत्साह और खेल भावना से भव्य आयोजन

घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता) । रायगढ़ जिले में आयोजित अंतर विभागीय ड्यूस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ जारी है। जिले की विभिन्न प्रशासनिक इकाइयों की कुल आठ टीमें इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। इनमें कलेक्टर 11 रायगढ़, जिला पंचायत रायगढ़, कमिश्नर 11 रायगढ़, एसडीएम 11 रायगढ़, एसडीएम 11 खरसिया, एसडीएम 11 घरघोड़ा, एसडीएम 11 धर्मजयगढ़ एवं एसडीएम 11 लैलूंगा शामिल हैं।

घरघोड़ा मैदान में रोमांचक मुकाबला
1 मार्च 2026 को घरघोड़ा क्रिकेट मैदान में खेले गए मुकाबले में कलेक्टर 11 रायगढ़ और एसडीएम 11 घरघोड़ा आमने-सामने थे। टॉस जीतकर एसडीएम 11 घरघोड़ा ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया, जो शुरुआती ओवरों में सही साबित हुआ। कलेक्टर 11 रायगढ़ के ओपनर प्रशांत पड़ा बिना खाता खोले आउट हो गए, जिससे टीम पर दबाव बन गया।
मयंक–धर्मेंद्र की शतकीय साझेदारी
शुरुआती झटके के बाद कप्तान मयंक चतुर्वेदी और धर्मेंद्र श्रीवास ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने संयमित और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। निर्धारित 20 ओवर में कलेक्टर 11 रायगढ़ ने 191 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।
मयंक चतुर्वेदी ने 52 रन बनाए, जबकि धर्मेंद्र श्रीवास ने शानदार नाबाद 103 रन की शतकीय पारी खेली।

लक्ष्य का पीछा करते हुए कड़ा मुकाबला
192 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसडीएम 11 घरघोड़ा की टीम ने भी जोरदार प्रदर्शन किया। मनोज, सुमन और पंकज उपाध्याय की सधी हुई बल्लेबाजी ने मैच को अंतिम ओवर तक रोमांचक बनाए रखा। मैदान में दर्शकों के बीच उत्साह और तनाव चरम पर था।
निर्णायक क्षणों में बदला मैच का रुख
अंतिम ओवरों में कप्तान मयंक चतुर्वेदी की रणनीति और सधी हुई गेंदबाजी ने मैच का रुख पलट दिया। कड़े संघर्ष के बाद कलेक्टर 11 रायगढ़ ने यह मुकाबला 5 रन से अपने नाम कर लिया।
खेल के साथ नेतृत्व का प्रदर्शन
यह मुकाबला केवल खेल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि टीमवर्क, नेतृत्व और रणनीतिक कौशल का भी शानदार उदाहरण बना। अंतिम ओवर तक चले इस रोमांचक मैच ने साबित कर दिया कि प्रशासनिक अधिकारी मैदान में भी उतने ही प्रतिबद्ध और जुझारू हैं जितने अपने दायित्वों के निर्वहन में।

