छत्तीसगढ़ महिला टीम ने रचा इतिहास, बंगाल को 5 विकेट से हराकर क्वार्टर फाइनल में किया प्रवेश
सीनियर वुमेंस वनडे क्रिकेट टूर्नामेंट 2025–26


लीग के सातों मैच जीतकर छत्तीसगढ़ ग्रुप ‘बी’ में शीर्ष पर
महक नरवसे बनीं प्लेयर ऑफ द मैच; झटके 3 विकेट, खेली 42 रन की पारी
रायपुर। सीनियर वुमेंस वनडे क्रिकेट टूर्नामेंट 2025–26 में छत्तीसगढ़ महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। 06 फरवरी 2026 से आयोजित टूर्नामेंट में लीग चरण के सभी सातों मुकाबले जीतकर टीम ने अपनी श्रेष्ठता साबित की। 18 फरवरी को खेले गए सातवें लीग मैच में बंगाल से सामना हुआ। मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने 5 विकेट से जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। टॉस जीतकर छत्तीसगढ़ ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बंगाल ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 197 रन बनाए।

बंगाल की ओर से मीता पॉल ने 76 रन, टी. सरकार ने 34 रन, सुजाता डे ने 24 रन और प्रतिमा ने 21 रन का योगदान दिया। छत्तीसगढ़ की ओर से महक नरसे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए। प्रीति यादव और श्रेया श्रीवास ने 2-2 विकेट हासिल किए। 198 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम ने 48.3 ओवर में 5 विकेट खोकर 198 रन बनाते हुए मैच जीत लिया। टीम की कप्तान कृति गुप्ता ने नाबाद 54 रन बनाए, जबकि महक नरसे ने 42 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके अलावा शिल्पा साहू ने 26 रन और कुमुद साहू ने 22 रन जोड़े।बंगाल की ओर से बिदिशा डे ने 2 विकेट लिए।छत्तीसगढ़ ने यह मुकाबला 5 विकेट से जीत लिया। महक नरसे को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। अब छत्तीसगढ़ की टीम 22 फरवरी को हिमाचल प्रदेश के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेलेगी।

