छत्तीसगढ़ की लगातार छठी जीत, अरुणाचल प्रदेश को 8 विकेट से हराया
Senior Women’s One Day Trophy 2025–26

रायपुर। सीनियर विमेंस वनडे क्रिकेट टूर्नामेंट 2025–26 में छत्तीसगढ़ महिला टीम का विजयी अभियान जारी है। 16 फरवरी 2026 को बड़ौदा में खेले गए मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने अरुणाचल प्रदेश को 8 विकेट से हराकर लगातार छठी जीत दर्ज की और अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। अरुणाचल प्रदेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन छत्तीसगढ़ की सधी हुई गेंदबाजी के सामने उनकी पूरी टीम 48.4 ओवर में 102 रन पर सिमट गई। अरुणाचल की ओर से नाबम यापु ने 42 रन और अर्चिता पवार ने 31 रन बनाए, जबकि चित्रांजली ने 13 रनों का योगदान दिया। छत्तीसगढ़ की ओर से मेघा नरवसे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। अदिति पंवार ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि प्रीति यादव और उर्मिला हरिना ने 1-1 विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। 103 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 8.3 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। प्रीति यादव ने शानदार अर्धशतक जमाते हुए 50 रन बनाए। शिल्पा साहू 27 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि कप्तान कृति गुप्ता ने नाबाद 20 रनों का योगदान दिया। अरुणाचल प्रदेश की ओर से चुखु अनम ने 2 विकेट लिए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं। छत्तीसगढ़ ने यह मुकाबला 8 विकेट से जीतकर टूर्नामेंट में अपनी लगातार छठी जीत दर्ज की। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्रीति यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।


