चेतेश्वर पुजारा ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से लिया संन्यास
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज चेतेश्वर पुजारा ने रविवार को क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। वह भारत की टेस्ट टीम से 26 महीने से बाहर थे। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल 2023 के बाद भारतीय टीम से बाहर हो गए थे। इसके बाद भी पुजारा का अचानक संन्यास लेने का फैसला हैरानी भरा है। बीते सप्ताह खबर आई थी कि वह घरेलू क्रिकेट के आगामी सत्र के लिए सौराष्ट्र के लिए खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे। पुजारा ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक नोट लिखकर क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया। इस पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “भारतीय जर्सी पहनना, राष्ट्रगान गाना और हर बार मैदान पर कदम रखते ही अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करना – इसका असली मतलब शब्दों में बयां करना नामुमकिन है। लेकिन जैसा कि कहा जाता है हर अच्छी चीज का अंत होता है और अपार कृतज्ञता के साथ मैंने भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का फैसला किया है।

चेतेश्वर पुजारा का आईपीएल करियर
चेतेश्वर पुजारा ने इंडियन प्रीमियर लीग में 4 टीमों किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व किया। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए उन्हें एक भी मैच खेलने को नहीं मिला। आईपीएल में पुजारा ने 30 मैच में 20.52 के औसत और 99.74 के स्ट्राइक रेट से 390 रन बनाए। इसमें 1 अर्धशतक शामिल है।
प्रथम श्रेणी क्रिकेट में बनाए 21 हजार 301 रन
टेस्ट क्रिकेट के विशेषज्ञ बल्लेबाज पुजारा का संन्यास लेने का फैसला पूरी तरह से आश्चर्यजनक नहीं था, क्योंकि टीम के दो अन्य दिग्गज खिलाड़ियों विराट कोहली और रोहित शर्मा ने इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। पुजारा ने अपने टेस्ट कॅरियर में 43.60 की औसत से 7195 रन बनाए। वह भारत के सर्वकालिक सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में आठवें स्थान पर हैं। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 21301 रन भी बनाए हैं।
जब तूफान आया तो डटे रहे: गंभीर
भारतीय क्रिकेट जगत ने संन्यास लेने वाले स्टार बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा की उनके धैर्य, दृढ़ संकल्प और निस्वार्थ भाव से खेलने के लिए जमकर सराहना की। मुख्य कोच गौतम गंभीर ने एक्स पर लिखा, ‘जब तूफान आया तो वह डटे रहे, जब उम्मीदें धूमिल हो रही थीं तब उन्होंने अपना जुझारुपन दिखाया। पुज्जी को बधाई।’’ पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने राष्ट्रीय टीम के प्रति पुजारा की प्रतिबद्धता की सराहना की। युवराज ने लिखा, ‘ऐसा व्यक्ति, जिसने हमेशा अपना मन, शरीर और आत्मा देश के लिए लगा दी। शानदार कॅरियर के लिए बहुत-बहुत बधाई पूजी। फिर मिलेंगे।’
चेतेश्वर पुजारा का करियर
- 103 मैच की 176 पारियों में 43.60 की औसत से 7,195 रन बनाए
- 19 शतक और 35 अर्धशतक जड़े, सर्वश्रेष्ठ स्कोर 206* रन
- 5 वनडे में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें 10.20 की औसत के साथ कुल 51 रन बनाए थे
- भारत के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में आठवें स्थान पर
