State

बारिश थमने के बाद बढ़ा तापमान अगले तीन दिनों तक बढ़ेगा टेंपरेचर

रायपुर ।प्रदेश में बारिश थमने के साथ तापमान बढ़ रहा है। अगले 3 दिनों तक तापमान में बढ़ने के संकेत हैं। मौसम में नमी घटकर 71 प्रतिशत तक रह गई है। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को राजधानी रायपुर में 80 फीसदी बादल थे।
बीते दो दिनों से बारिश नहीं हुई है, जिससे तापमान में खास परिवर्तन नहीं हुआ है। रायगढ़ में सबसे ज्यादा 34.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया है। जांजगीर में 33.4, मुंगेली में 33.3 डिग्री तापमान रहा। रायपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस था। बिलासपुर में 32.8, पेण्ड्रारोड में 29.5,अंबिकापुर में 30.7, जगदलपुर में 33.4, दुर्ग में 30.8 और राजनांदगांव में 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक आज रायपुर में हल्के बादल छाए रहेंगे। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस होगा । मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में सरगुजा और बस्तर संभाग और इससे लगे इलाकों में बारिश हो सकती है। दक्षिण उत्तरप्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती घेरा है। उत्तर- पश्चिम राजस्थान से नागालैंड तक एक द्रोणिका 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर है। भारत मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तरप्रदेश और दक्षिण बिहार को छोड़कर देशभर में जुलाई महीने के दौरान मॉनसून के सामान्य रहने की संभावना जताई है। लेकिन इस पूरे महीने में तापमान के औसत से अधिक रहने के आसार हैं।



Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button