धार्मिक आयोजनों से बौखलाए सनातन विरोधी, मेरी छवि धूमिल करने रच रहे साजिश : बसंत अग्रवाल
रायपुर। समाजसेवी बसंत अग्रवाल ने मीडिया और सोशल मीडिया में उनके खिलाफ प्रसारित हो रही खबरों को सिरे से खारिज करते हुए इसे उनकी छवि धूमिल करने की एक सोची-समझी साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे धार्मिक आयोजनों से बौखलाकर सनातन विरोधी लोग योजनाबद्ध तरीके से उनके विरुद्ध दुष्प्रचार कर रहे हैं। शनिवार को प्रेसवार्ता के दौरान मीडिया से बात करते हुए बसंत अग्रवाल ने कहा कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद, तथ्यहीन और दुर्भावनापूर्ण हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तथ्यों की जांच किए बिना मीडिया के एक वर्ग द्वारा एकतरफा और भ्रामक खबरें प्रसारित की जा रही हैं, जिससे उनकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों का सिरे से खंडन करते हैं और इनका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं है। अग्रवाल ने इस पूरे मामले के पीछे वामपंथी विचारधारा से जुड़े कुछ लोगों का हाथ होने का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ तत्व लगातार योजनाबद्ध ढंग से उन्हें निशाना बना रहे हैं। बसंत अग्रवाल के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब उनके खिलाफ इस प्रकार का अभियान चलाया गया हो। इससे पहले भी सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों में उनके विरुद्ध भ्रामक खबरें प्रसारित की गई थीं, जो बाद में पूरी तरह असत्य साबित हुईं। उन्होंने प्रदेश की मीडिया और आम जनता से अपील की कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जाए और भ्रामक खबरों से सावधान रहा जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि सच्चाई जल्द ही सामने आएगी और उनके खिलाफ रची गई यह साजिश बेनकाब होगी।
