March 18, 2026

रायपुर में चैत्र नवरात्रि पर होगा भव्य ‘श्री शतचंडी महायज्ञ एवं श्रीराम कथा’ का आयोजन

0
1008
Spread the love

रायपुर। राजधानी रायपुर की पावन धरा में सनातन संस्कृति की साधना और विश्व कल्याण की भावना के साथ श्री राम सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट, रायपुर के तत्वावधान में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक “श्री शतचंडी महायज्ञ एवं श्रीराम कथा” का विराट आयोजन अवधपुरी मैदान, गुढ़ियारी, रायपुर में किया जाएगा। आज पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री पिताम्बर जी महाराज ने बताया हिमालय ऋषि परंपरा के महान तपस्वी एवं हठयोगी परम पूज्य श्री श्री 1008 स्वामी ब्रह्मचारी रक्ताम्बर जी महाराज का यह छत्तीसगढ़ में प्रथम आगमन है। उनके पावन सान्निध्य से संपूर्ण प्रदेश में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह का वातावरण बनने की उम्मीद है। वर्षों की कठिन तपस्या और योग साधना से आलोकित स्वामी जी की उपस्थिति इस महायज्ञ को विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करेगी।



आयोजन के दौरान जगद्गुरु स्वामी श्री रामभद्राचार्य जी महाराज के परम कृपापात्र एवं सुप्रसिद्ध कथा वाचक पूज्य श्री उज्ज्वल शांडिल्य जी महाराज प्रतिदिन श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का दिव्य रसपान कराएंगे। उनके प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालु धर्म, भक्ति और सनातन संस्कृति के गूढ़ संदेशों को आत्मसात कर सकेंगे। आयोजन का मुख्य आकर्षण श्री शतचंडी महायज्ञ होगा, जिसे सनातन परंपरा में अत्यंत शक्तिशाली और कल्याणकारी अनुष्ठान माना जाता है। वर्तमान समय में जब विश्व अशांति, तनाव और युद्ध जैसी परिस्थितियों से जूझ रहा है, ऐसे समय में यह महायज्ञ विश्व शांति, मानव कल्याण, संस्कृति संरक्षण और समस्त जीव-जंतुओं के मंगल की कामना के साथ संपन्न किया जाएगा।

आयोजन समिति के अनुसार इस नौ दिवसीय महायज्ञ और कथा में लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान 5,100 समृद्धि कलश स्थापना तथा 1,008 कलशों के साथ विशेष अनुष्ठान भी संपन्न किए जाएंगे, जिनमें श्रद्धालु अपने और अपने परिवार के नाम से संकल्प लेकर पुण्य लाभ प्राप्त कर सकेंगे। ट्रस्ट द्वारा समस्त माताओं, बहनों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से विनम्र निवेदन किया गया है कि वे इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर यज्ञ, कथा और सत्संग का लाभ प्राप्त करें तथा विश्व शांति और जनकल्याण के इस महान संकल्प में सहभागी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *