National

एनएमडीसी सतर्कता कार्यक्रम में एनएसएल पोर्टल, क्‍वार्टर प्रबंधन प्रणाली का शुभारंभ

हैदराबाद


 एनएमडीसी के सतर्कता विभाग द्वारा शुक्रवार को हैदराबाद में आयोजित एक क्षमता-निर्माण कार्यक्रम में एनएमडीसी स्टील लिमिटेड (एनएसएल) के लिए एक सतर्कता पोर्टल, कर्मचारी आवास के लिए एक ऑनलाइन क्‍वार्टर प्रबंधन प्रणाली और एनएमडीसी सतर्कता मैनुअल, 2026 के दूसरे संस्करण का अनावरण किया गया। 
केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य 'सत्‍यनिष्‍ठा से समृद्धि' के तहत सार्वजनिक क्षेत्र के संगठनों में पारदर्शिता, जवाबदेही और साइबर सुरक्षा को मजबूत करना था। 

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सतर्कता आयुक्त श्री प्रवीण वशिष्ठ ने ईमानदार अधिकारियों की रक्षा करते हुए सुव्‍यवस्थित सतर्कता दिशानिर्देशों को प्रभावी ढंग से लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने जोखिम-आधारित निरीक्षण, प्रणालीगत सुधार और समय पर जांच के माध्यम से निवारक सतर्कता में मुख्य सतर्कता अधिकारियों की भूमिका पर प्रकाश डाला, साथ ही व्यावसायिक दक्षता में बाधा डाले बिना जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष ध्‍यान देने की प्रेरणा दी।

प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए, एनएमडीसी के अध्यक्ष-सह- प्रबंध निदेशक श्री अमिताभ मुखर्जी ने कहा कि कंपनी का स्थिरता प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय खनन कंपनियों की तुलना में बहुत सकारात्‍मक है, जो जिम्मेदार खनन के प्रति कंपनी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने एनएमडीसी के रिकॉर्ड लौह अयस्क उत्पादन, नए खनिज खनन संपदाओं में विस्तार और अपने परिचालन इकाइयों के आसपास के समुदायों के जीवन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एनएमडीसी द्वारा अपनाई जा रही नैगम सामाजिक दायित्‍व की पहलों पर भी प्रकाश डाला। 

इस कार्यक्रम में तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के 18 सरकारी संगठनों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और सार्वजनिक क्षेत्र के विद्युत बोर्डों के 113 अधिकारियों ने भाग लिया । उक्‍त कार्यक्रम के सत्रों में शिकायत प्रबंधन मेकानिज्‍म, सतर्कता से संबंधित स्वीकृतियाँ, सरकारी ई-मार्केटप्लेस (जीईएम) और साइबर सुरक्षा की नई विशेषताएं तथा साइबर स्वच्छता पर विशेष प्रकाश डाला गया और इन विषयों पर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया गया है।

कार्यक्रम में श्री नितिन कुमार, संयुक्त सचिव, सीवीसी, श्री कंवलप्रीत, अपर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जीईएम और सुश्री इंद्रावेनी चेबोलू , वैज्ञानिक-एफ और एसोसिएट डायरेक्टर , सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (सी-डैक), हैदराबाद ने अपने विशेष अनुभव का साझा करते हुए प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया । 
कार्यक्रम के दौरान संवादव चर्चाओं में प्रोक्‍यूरमेंट के मामलों में पारदर्शिता, उभरते साइबर सुरक्षा की खतरों और जीईएम कार्यक्षमताओं के प्रभावी उपयोग को शामिल किया गया। युवा छात्रों में नैतिकता और सत्यनिष्ठा को बढ़ावा देने के लिए एनएमडीसी द्वारा आयोजित किए जा रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत संपन्‍न विभिन्‍न प्रतियोगिताओं में जीतने वाले स्कूली छात्रों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

News Desk

वेब पोर्टल: NewsTerminal स्वामी/ओनर: Shalini Dubey ईमेल: Newsterminaldesk@gmail.com वेबसाइट: www.newsterminal.in

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button