Sports
जहीर खान बने CSK के नए हेड कोच, आईपीएल 2027 में संभालेंगे कमान

चेन्नई, 21 सितंबर। चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2027 के लिए पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान को नया हेड कोच बनाया है। वह स्टीफन फ्लेमिंग की जगह लेंगे, जिनका टीम के साथ करीब 18 साल का कार्यकाल समाप्त हो गया है।
जहीर के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के साथ-साथ कोचिंग और मेंटर के तौर पर भी लंबा अनुभव है। उन्होंने भारत के लिए 92 टेस्ट में 311, 200 वनडे में 282 और 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 17 विकेट लिए हैं।आईपीएल में जहीर ने तीन टीमों का प्रतिनिधित्व करते हुए 100 मुकाबलों में 102 विकेट हासिल किए।
वह 2011 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे हैं।सीएसके प्रबंधन ने उम्मीद जताई है कि जहीर का अनुभव और युवा तेज गेंदबाजों के साथ काम करने की विशेषज्ञता टीम के लिए उपयोगी साबित होगी।
