हलषष्ठी पर माताओं ने रखा व्रत, संतान की सुख-समृद्धि के लिए की पूजा-अर्चना

जिले में श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया कमरछठ पर्व
रायपुर , 4 सितंबर 2026। रायपुर जिले में कमरछठ का पर्व धार्मिक आस्था और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली की कामना को लेकर बड़ी संख्या में महिलाओं ने व्रत रखा और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।सुबह से ही घरों और मंदिरों में पूजा की तैयारियां शुरू हो गई थीं। व्रती महिलाएं पारंपरिक परिधान में पूजा स्थल पर पहुंचीं और हलषष्ठी माता की पूजा कर अपने बच्चों की सुख-समृद्धि की कामना की।
कई महिलाओं ने दिनभर निर्जला उपवास रखकर व्रत की परंपरा का पालन किया।इस दौरान महिलाओ ने हलषष्ठी व्रत की कथा सुनी और पर्व से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं के बारे में जानकारी दी। कथा के दौरान महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।
पूजा स्थलों पर भजन-कीर्तन और सामूहिक कथा का आयोजन भी हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।पूजा और कथा के बाद महिलाओं ने निर्धारित परंपराओं के अनुसार व्रत का पारण किया और प्रसाद ग्रहण किया। ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।हलषष्ठी का यह पर्व जिले में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति, लोक आस्था और पारिवारिक भावनाओं की सुंदर झलक पेश करता नजर आया।



