ऑपरेशन क्लीन हंट में बड़ी कामयाबी: ट्रेलर लूटकांड का फरार आरोपी 10 माह बाद गिरफ्तार
रायगढ़ (गौरी शंकर गुप्ता)। जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत तमनार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बहुचर्चित हुंकराडीपा ट्रेलर लूटकांड में पिछले 10 माह से फरार चल रहे आरोपी अजय गोस्वामी (32 वर्ष) को पुलिस ने उसके गृह ग्राम कुसमुंडा, जिला कोरबा से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार अजय गोस्वामी अपने पिता, भाइयों एवं अन्य साथियों के साथ नौ सदस्यीय गिरोह का हिस्सा था, जिसने पांच ट्रेलर वाहनों की लूट की वारदात को अंजाम देकर वाहनों को ओडिशा में छिपा दिया था। घटना के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अजय गोस्वामी और एक अन्य आरोपी फरार हो गए थे। फरारी के दौरान आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया गया, जिसके बाद गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने कोरबा पहुंचकर आरोपी को उसके घर से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
क्या था मामला?
18 अगस्त 2025 को रायगढ़ निवासी संजय पटेल ने थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एसबीआई कोरबा शाखा की नीलामी से खरीदे गए चार ट्रेलर वाहन सुगोई ट्रांसपोर्ट में संचालित हो रहे थे। उसी रात हुंकराडीपा के पास बदमाशों ने एक ट्रेलर को लूट लिया तथा चालक और अन्य ड्राइवरों से मारपीट कर उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए थे।
जांच में सामने आया कि घटना का मुख्य साजिशकर्ता ट्रेलरों का पूर्व मालिक अमन गोस्वामी था। पुलिस ने अपराध क्रमांक 170/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी।
1.56 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ओडिशा के हमीरपुर क्षेत्र में छिपाकर रखे गए चारों ट्रेलर बरामद किए थे। जांच के दौरान अमन गोस्वामी सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों के कब्जे से—
- चार ट्रेलर वाहन – ₹1.50 करोड़
- चार मोबाइल फोन – ₹24 हजार
- स्विफ्ट डिजायर कार – ₹6 लाख
कुल ₹1 करोड़ 56 लाख 24 हजार की संपत्ति बरामद की गई थी।
अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
इस कार्रवाई के साथ ट्रेलर लूटकांड में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। पुलिस अब भी मामले के एक अन्य फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
थाना तमनार पुलिस की इस सफलता में निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक हेम प्रकाश सोन, महिला प्रधान आरक्षक सुदो भगत तथा आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
