किराना दुकान चोरी का खुलासा: चोरी का माल खरीदने वाला सहित 6 आरोपी गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद
जशपुर (गौरी शंकर गुप्ता)। जशपुर पुलिस ने शहर के एक किराना व्यापारी की दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफल खुलासा करते हुए चोरी में शामिल पांच आरोपियों और चोरी का सामान खरीदने वाले एक दुकानदार सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान, नकदी और घटना में प्रयुक्त ऑटो भी जब्त किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, जशपुर निवासी व्यापारी विक्रम ताम्रकार की लक्ष्मी गुड़ी मंदिर के पास स्थित किराना दुकान में 8 और 9 मई 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने शटर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की राशन सामग्री चोरी कर ली थी। मामले में प्रार्थी की शिकायत पर सिटी कोतवाली जशपुर में बीएनएस की धारा 331(4), 305(A), 3(5) एवं 317(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने एसडीओपी चंद्रशेखर परमा के नेतृत्व में चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने लगातार संदिग्धों से पूछताछ, आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच और साइबर टीम की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
जांच के दौरान पुलिस को नवाटोली, बनियाटोली, सरनाटोली और करबला रोड क्षेत्र के कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद पुलिस ने विरेन्द्र भगत उर्फ लड्डू, कार्तिक भगत, अजय रवानी और पमित बरला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने नवाजिश खान के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी का सामान नवाजिश खान के ऑटो में भरकर झारखंड के गुमला जिले के सकतारा गांव निवासी दुकानदार अमृत लाल केरकेट्टा को बेच दिया गया था।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झारखंड के गुमला जिले से चोरी का सामान खरीदने वाले अमृत लाल केरकेट्टा को गिरफ्तार कर लिया, जबकि फरार आरोपी नवाजिश खान को साइबर टीम की मदद से सिमडेगा, झारखंड से पकड़कर जशपुर लाया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 58 डिब्बा 13 लीटर वाला रिफाइन तेल, 7 बोरी चावल, 15 पाउच रिफाइन तेल, 34 बोतल सरसों तेल, एक पेटी साबुन, 36 पैकेट सिगरेट, चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त 1005 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो क्रमांक JH-07-E-7736 जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में विरेन्द्र भगत (29), अजय रवानी (40), कार्तिक भगत (26), पमित बरला (20), अमृत लाल केरकेट्टा (50) और नवाजिश खान (34) शामिल हैं। पांच आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी नवाजिश खान को भी न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।
पूरे मामले की जांच और कार्रवाई में एसडीओपी चंद्रशेखर परमा, थाना प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, साइबर सेल के उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि चोरी जैसे अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
