April 26, 2026

ऑपरेशन प्रहार: रायगढ़ पुलिस का अवैध कबाड़ नेटवर्क पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, 82 लाख की संपत्ति जब्त

0
55

4 ट्रकों में लदा 81 टन अवैध स्क्रैप पकड़ाया; छाल पुलिस ने घेराबंदी कर 4 आरोपियों को दबोचा



रायगढ़ (गौरी शंकर गुप्ता) । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में रायगढ़ जिले में अपराधियों और अवैध कारोबारियों के विरुद्ध चलाया जा रहा “ऑपरेशन प्रहार” अब अपने पूरे उफान पर है। लगातार दूसरे दिन कार्रवाई जारी रखते हुए छाल थाना पुलिस ने अवैध कबाड़ के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। पुलिस ने नाकेबंदी कर 4 ट्रकों को जब्त किया है, जिनमें 81 टन से अधिक अवैध लोहा और स्क्रैप लोड था। जब्त किए गए माल और वाहनों की कुल कीमत 82.13 लाख रुपये आंकी गई है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस की स्ट्राइक

एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान को सटीक सूचना मिली थी कि कोरबा की ओर से भारी मात्रा में अवैध कबाड़ ट्रकों के माध्यम से खपाने की तैयारी है। सूचना पर त्वरित एक्शन लेते हुए पुलिस टीम ने थाना बैरियर के पास सघन नाकेबंदी की और संदिग्ध ट्रकों को रोकना शुरू किया।

जब्त संपत्ति का विवरण: एक नजर में

जांच के दौरान पुलिस ने चार ट्रकों को पकड़ा, जिनके चालकों के पास माल से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं थे।

ट्रक क्रमांकचालक का नामकबाड़ का वजनकुल मूल्य (वाहन सहित)
CG 13 LA 3817छोटे लाल यादव25.10 टन22.52 लाख रुपये
CG 12 S 1988नरसिंग यादव24.10 टन22.37 लाख रुपये
CG 12 S 1525छबिनाथ प्रसाद16.06 टन18.72 लाख रुपये
CG 12 S 5839अरविंद कुमार सिंह15.76 टन18.50 लाख रुपये

कुल जप्ती: 81.02 टन लोहा/स्क्रैप (मूल्य 34.13 लाख) + 4 ट्रक (मूल्य 48 लाख) = 82.13 लाख रुपये

कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी

पकड़े गए चारों आरोपी कोरबा जिले के निवासी हैं। पुलिस ने इनके विरुद्ध धारा 35 (क) (ड) BNSS एवं 303(2) BNS के तहत पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।

इन जांबाज पुलिसकर्मियों की रही मुख्य भूमिका

इस सफल अभियान में निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय, आरक्षक दिलीप सिदार, सतीश जगत और उमाशंकर भगत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी सतर्कता के कारण ही अवैध परिवहन के इस बड़े खेल का पर्दाफाश हो सका।


एसएसपी शशि मोहन सिंह का कड़ा अल्टीमेटम:

“ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ के कारोबार, परिवहन और संग्रहण पर हमारी स्ट्राइक जारी रहेगी। इस नेटवर्क से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उद्योगपति और व्यापारी केवल वैध दस्तावेजों के साथ ही व्यापार करें। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *