April 26, 2026

“ऑपरेशन आघात” में ताबड़तोड़ कार्रवाई: चार थाना क्षेत्रों से 70 लीटर अवैध शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

0
88



रायगढ़(गौरी शंकर गुप्ता)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। पिछले 48 घंटों के भीतर तमनार, छाल, पुसौर और जूटमिल थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए करीब 70 लीटर देशी, अंग्रेजी और महुआ शराब जब्त की है तथा 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त 3 दुपहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं। थाना तमनार पुलिस ने निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में ग्राम मिलूपारा चौक क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी पवन कुमार कलंगा (31 वर्ष), निवासी लालपुर को पकड़कर उसके कब्जे से करीब 30 लीटर महुआ शराब जब्त की। वहीं ग्राम उरबा के प्रेमनगर में रेड कार्रवाई कर आरोपी सतीष कुमार चौहान (27 वर्ष) के कब्जे से लगभग 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक मो. दिलदार कुरैशी, महिला प्रधान आरक्षक सुदो भगत, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिदार और रंजीत भगत शामिल रहे। इसी क्रम में थाना छाल पुलिस ने निरीक्षक नसिर खान के नेतृत्व में मुखबिर सूचना पर ग्राम खेदापाली धुल चौक के पास घेराबंदी कर मोटर सायकल स्प्लेंडर प्लस (JH 01 D 8456) में अवैध शराब परिवहन कर रहे आरोपी शीतल कुमार राय (45 वर्ष), निवासी साकेत नगर, थाना टाटी सिलपाई, जिला रांची (झारखंड) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से करीब 10 लीटर महुआ शराब और मोटर सायकल जब्त की गई। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक शंभु पाण्डेय, आरक्षक राजेश राठौर, उमेंद्र उरांव, सतीश जगत और प्रबंध राठिया शामिल थे।

थाना पुसौर पुलिस ने उप निरीक्षक कुंदन गौर के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी परमेश्वर साय (54 वर्ष) और बालकराम सारथी (66 वर्ष) को बिना नंबर प्लेटिना मोटर सायकल में 60 नग देशी मदिरा (करीब 10.8 लीटर) परिवहन करते पकड़ा। आरोपियों से शराब और वाहन जब्त किया गया। इस कार्रवाई में आरक्षक धर्नुजय चंद बेहरा और महेश चौहान शामिल रहे। वहीं थाना जूटमिल पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर मेन रोड पर घेराबंदी कर आरोपी सूरजभानू यादव (35 वर्ष), निवासी बिरहाभाठा थाना चंद्रपुर जिला सक्ती को बजाज सीटी 110 मोटर सायकल में शराब परिवहन करते गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 52 पाव अंग्रेजी और देशी प्लेन/मसाला शराब (करीब 9 लीटर से अधिक) जब्त की गई। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अनूप कुजूर, आरक्षक परमानंद पटेल और सन्नी मालाकार शामिल थे। सभी मामलों में आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि रायगढ़ जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और “ऑपरेशन आघात” के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी प्रभावी रूप से जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *