“ऑपरेशन आघात” में घरघोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 8 भट्ठियां नष्ट, 190 लीटर महुआ शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार”

रायगढ़ (गौरी शंकर गुप्ता)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम घरघोड़ी के खेतधरहा नदी किनारे दबिश दी। एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी छोटू डनसेना (37 वर्ष), पिता अनंत सिंह डनसेना, निवासी घरघोड़ी को अवैध रूप से महुआ शराब बनाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मौके से करीब 190 लीटर महुआ शराब (अनुमानित कीमत ₹19,000) तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त सिल्वर के बड़े बर्तन, टिन टीपा सहित अन्य उपकरण जब्त किए गए, वहीं मौके पर संचालित 8 अवैध भट्ठियों को भी नष्ट किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अवैध बिक्री के उद्देश्य से शराब निर्माण करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत गैर जमानतीय अपराध दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी द्वारा क्षेत्र में मुनादी कर अवैध शराब कारोबारियों को कड़ी चेतावनी भी दी गई है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल, उद्धोराम पटेल एवं महिला आरक्षक सुप्रिया सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दो टूक कहा कि “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इस कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, साथ ही ऐसे लोगों से मुख्यधारा में लौटकर वैध जीवनयापन करने की अपील भी की गई है।
