June 11, 2026

राम नवमी पर घरघोड़ा बना राममय: भव्य शोभायात्रा, झांकियों और भंडारे में उमड़ा जनसैलाब

0
राम नवमी पर घरघोड़ा बना राममय: भव्य शोभायात्रा, झांकियों और भंडारे में उमड़ा जनसैलाब

‘जय श्रीराम’ के नारों से गुंजायमान हुआ नगर



घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता) | मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव ‘राम नवमी’ के पावन अवसर पर आज घरघोड़ा नगर भक्ति और उत्साह के सागर में डूबा नजर आया। समस्त नगरवासियों के सामूहिक सहयोग से आयोजित इस विशाल एवं भव्य शोभायात्रा ने पूरे रायगढ़ जिले का ध्यान अपनी ओर खींचा। नगर के चहुंओर लहराते भगवा ध्वजों और गूंजते जयकारों ने वातावरण को पूरी तरह राममय बना दिया।

दोपहर 3:00 बजे हाई स्कूल ग्राउंड से इस शौर्य यात्रा का शंखनाद हुआ। इस वर्ष के आयोजन का मुख्य आकर्षण नागपुर से आई प्रसिद्ध ढोल पार्टी रही, जिसकी गूँजती थाप पर युवा और श्रद्धालु झूमते नजर आए। यात्रा में रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित नयनाभिराम झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। सुरक्षा और व्यवस्था के बीच निकाली गई इस यात्रा में जगह-जगह भव्य आतिशबाजी भी की गई, जो शौर्य और भक्ति के इस संगम को और भी प्रभावशाली बना रही थी।

शोभायात्रा नगर के प्रमुख चौक-चौराहों से भ्रमण करते हुए शाम 7:00 बजे गायत्री मंदिर प्रांगण पहुँची, जहाँ इसका समापन हुआ। यात्रा मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। आयोजन समिति ने बताया कि इस बार नगरवासियों का उत्साह अभूतपूर्व था, जिसके कारण यह यात्रा घरघोड़ा के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित हुई है।

यात्रा के समापन के पश्चात गायत्री मंदिर में प्रभु श्री राम की विधि-विधान से महाआरती की गई। इसके तुरंत बाद मंदिर परिसर में ही विशाल भंडारे का आयोजन शुरू हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ कमाया। आयोजन समिति और नगरवासियों ने सपरिवार इस उत्सव का हिस्सा बनकर साम्प्रदायिक सौहार्द और अटूट श्रद्धा का परिचय दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *