Citygharghoda

प्राथमिक शाला इंदिरा आवास छोटेगुमड़ा की छात्रा कु. हेमिका राठिया का नवोदय विद्यालय में चयन, क्षेत्र में हर्ष का माहौल

घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। शासकीय प्राथमिक शाला इंदिरा आवास छोटेगुमड़ा, संकुल बैहामुड़ा, विकासखंड घरघोड़ा की होनहार छात्रा कु. हेमिका राठिया का जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा सत्र 2026-27 के लिए चयन होने पर विद्यालय सहित पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है। कु. हेमिका राठिया शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। उन्होंने नवोदय विद्यालय में चयनित होने के लिए कठिन परिश्रम, लगन और अनुशासन के साथ निरंतर तैयारी की, जिसके फलस्वरूप उन्होंने यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि से उनके पिता श्री पालूराम राठिया एवं माता श्रीमती ललिता राठिया सहित पूरे परिवार में गर्व और खुशी का माहौल है। परिजनों ने इसे एक साधारण परिवार के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए हेमिका की मेहनत और समर्पण की सराहना की।


विद्यालय की उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ा
प्राथमिक शाला इंदिरा आवास छोटेगुमड़ा ने अपने उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्यों के माध्यम से पहले भी कई उपलब्धियां हासिल की हैं। कु. हेमिका राठिया के नवोदय विद्यालय में चयन से विद्यालय की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधान पाठक श्रीमती लवंगलता खूंटे, सहायक शिक्षिका कु. पवित्रा सिदार तथा संकुल समन्वयक श्री नंदलाल पटेल ने हेमिका को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों ने इसे विद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। हेमिका की इस सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है और आने वाले समय में अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

Web Reporter

वेब पोर्टल: NewsTerminal स्वामी/ओनर: Shalini Dubey ईमेल: Newsterminaldesk@gmail.com वेबसाइट: www.newsterminal.in

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button