March 19, 2026

24 घंटे में घरघोड़ा पुलिस की बड़ी सफलता: मकान चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

0
99
Spread the love

रायगढ़(गौरी शंकर गुप्ता)। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के तहत घरघोड़ा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ग्राम टेरम में हुई मकान चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए सामान की बरामदगी की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चल रही इस मुहिम के तहत पुलिस लगातार सक्रिय है। प्रार्थी किशन लाल जोल्हे (29 वर्ष), निवासी ग्राम टेरम ने 17 मार्च 2026 को थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने परिवार के साथ ईंट निर्माण कार्य के लिए गांव से बाहर गया था। इसी दौरान 8 से 10 फरवरी 2026 के बीच अज्ञात चोरों ने उसके सूने मकान का ताला तोड़कर एलईडी टीवी, आयरन, कांस के बर्तन और अन्य सामान सहित करीब 15 हजार रुपये की चोरी कर ली। पुलिस ने अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया, जिससे संदेहियों के रूप में गजेन्द्र सारथी उर्फ गज्जु (19 वर्ष) निवासी बैहामुड़ा और परमेश्वर राठिया (19 वर्ष) निवासी भेंडरा कपाटडेरा के नाम सामने आए। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने 9 फरवरी की रात ग्राम टेरम के एक सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी का सामान प्लास्टिक बोरी में भरकर रेलवे ट्रैक के रास्ते अपने घर ले जाकर आपस में बांट लिया था और कुछ सामान कबाड़ी को बेच दिया था। पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर गजेन्द्र सारथी से एक बैटरी एवं आयरन (कीमत 8,000 रुपये) तथा परमेश्वर राठिया से कांस के लोटा एवं कटोरी (कीमत 1,200 रुपये) बरामद किए हैं। इस तरह कुल 9,200 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक पारसमणि बेहरा, आरक्षक प्रदीप तिग्गा और भानु चन्द्रा की अहम भूमिका रही। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि चोरी जैसे अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *