Big StorygharghodaState

फर्जी पुलिस बनकर सोने की माला झपटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चक्रधरनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। थाना चक्रधरनगर क्षेत्र में वृद्ध महिला से खुद को पुलिसकर्मी बताकर सोने की माला झपटने की घटना का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया। चक्रधरनगर पुलिस की तत्परता और मुस्तैदी के चलते दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई सोने की माला और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी समेत लगभग 1.35 लाख रुपये की संपत्ति बरामद कर ली गई है।



जानकारी के अनुसार ग्राम सम्बलपुरी निवासी रेशमी निषाद ने थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी दादी रामकुंवर निषाद के साथ सम्बलपुरी से परसदा चंद्रपुर जाने के लिए बस से निकले थे। सिग्नल चौक के पास उतरने के बाद दोनों मरीन ड्राइव पंजरी प्लांट मार्ग से पैदल सारंगढ़ बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी क्रमांक CG 13 AT 9561 में सवार दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए किसी दुर्घटना के संबंध में पूछताछ करने लगे। आधार कार्ड जांच के बहाने एक आरोपी ने वृद्ध महिला के गले से सोने की माला झपट ली और दोनों स्कूटी से फरार हो गए।

मामले की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा ने तत्काल टीम के साथ नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पीड़िता से मिले हुलिए और स्कूटी की जानकारी के आधार पर पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चमार सिंह यादव और रामकुमार नायक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 नग सोने की फोकली, 1 नग सोने का पदक और काले मोती जड़ी सोने की माला जिसकी कीमत करीब 85 हजार रुपये है, बरामद की। साथ ही वारदात में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG 13 AT 9561 (कीमत लगभग 50 हजार रुपये) भी जब्त कर ली गई। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 लाख 35 हजार रुपये बताई गई है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में चमार सिंह यादव (55 वर्ष) निवासी नवागढ़ राजापारा रायगढ़ और रामकुमार नायक (40 वर्ष) निवासी मधुवन पारा, सिटी कोतवाली रायगढ़ शामिल हैं।

पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, उप निरीक्षक गेंदलाल साहू, प्रधान आरक्षक श्यामदेव साहू तथा आरक्षक अभय यादव, शैलेंद्र पर, शांति मिली सहित कोतवाली थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि झपटमारी और उठाईगिरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाया जा रहा है। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button