Big StorygharghodaUncategorized

एनएचएम संघ ने होली से पहले की थी भुगतान की मांग, वेतन में लंबित से कर्मचारियों में असंतोष

घरघोड़ा(गौरी शंकर गुप्ता)। जिले में कार्यरत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों को फरवरी 2026 का वेतन अब तक प्राप्त नहीं हुआ है। वेतन भुगतान में देरी के कारण कर्मचारियों में असंतोष है और उन्होंने शीघ्र भुगतान की मांग की है।



जानकारी के अनुसार जिले में लगभग 750 एनएचएम कर्मचारी विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाएं दे रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वेतन में लगातार विलंब होने से उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गत माह भी आंशिक वेतन भुगतान होने की बात सामने आई है।

एनएचएम संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित मिरी ने बताया कि त्योहार के पूर्व वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों की परेशानियां बढ़ गई हैं। वहीं प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने शासन और विभागीय अधिकारियों से लंबित वेतन शीघ्र जारी करने की मांग की है।

संघ पदाधिकारियों ने 27 फरवरी 2026 को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय पहुंचकर वेतन भुगतान में हो रहे विलंब से अवगत कराया और समाधान की मांग की। साथ ही जनप्रतिनिधियों को भी इस संबंध में ज्ञापन सौंपे जाने की जानकारी दी गई है।

कर्मचारियों का कहना है कि भविष्य में वेतन भुगतान की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र वेतन जारी नहीं किया गया तो आंदोलन का निर्णय लिया जा सकता है, जिसका प्रभाव स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button