March 6, 2026

नए एसपी की तैनाती के बाद घरघोड़ा की कानून व्यवस्था पर टिकी निगाहें

0
gharghoda thana
Spread the love

घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। रायगढ़ जिले को नया पुलिस अधीक्षक मिल गया है। शशिमोहन सिंह ने जिले की कमान संभाल ली है। उनके पदभार ग्रहण करने के साथ ही जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की कानून व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इनमें घरघोड़ा थाना क्षेत्र विशेष रूप से चर्चा में है, जहां लंबे समय से अवैध गतिविधियों और बढ़ते अपराध को लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष देखा जा रहा है।



स्थानीय नागरिकों के अनुसार घरघोड़ा क्षेत्र में डीजल चोरी, रेत तस्करी, कबाड़ का अवैध कारोबार, जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियां लगातार सामने आती रही हैं। आरोप है कि कई अवैध गतिविधियां थाना क्षेत्र के आसपास ही संचालित होती हैं, बावजूद इसके प्रभावी कार्रवाई कम देखने को मिलती है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि चोरी की घटनाएं आम हो चुकी हैं। वाहन खड़े करने पर डीजल चोरी और दुकानों में सेंधमारी की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिससे आमजन में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। लोगों का सवाल है कि अपराधियों में पुलिस का भय क्यों नहीं दिख रहा।

इसके साथ ही घरघोड़ा थाने में वर्षों से पदस्थ कुछ पुलिसकर्मियों को लेकर भी चर्चाएं हैं। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा आम है कि लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनाती के कारण अवैध कारोबारियों को संरक्षण मिलने जैसी स्थिति बन रही है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

नए पुलिस अधीक्षक के सामने अब यह चुनौती है कि वे जिले में कानून व्यवस्था को लेकर जनता का विश्वास कैसे बहाल करते हैं। लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में प्रभावी कार्रवाई, नियमित गश्त और निष्पक्ष जांच के माध्यम से अपराध पर अंकुश लगाया जाएगा।

अब देखना होगा कि नए एसपी के नेतृत्व में घरघोड़ा सहित जिले के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को लेकर क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं और क्या इसका असर ज़मीनी स्तर पर दिखाई देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *