कुनकुरी पुलिस की सतर्क रात्रि गश्त से टली बड़ी ATM लूट, आरोपी फरार, सघन तलाश जारी
कुनकुरी(गौरी शंकर गुप्ता)। कुनकुरी थाना क्षेत्र में पुलिस की प्रभावी रात्रि गश्त के चलते एक बड़ी ATM लूट की घटना टल गई। देर रात 01:00 से 02:00 बजे के बीच अज्ञात आरोपियों द्वारा कुनकुरी स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के ATM को निशाना बनाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने ATM मशीन को रस्सी से बांधकर पिकअप वाहन की मदद से उखाड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान मौके पर गश्त कर रही पुलिस टीम को देखकर आरोपी घबरा गए और भागने लगे। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपियों ने पिकअप वाहन में पहले से रखे पत्थरों से पुलिस वाहन पर हमला कर दिया, जिससे पुलिस वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद आरोपी पिकअप वाहन से तपकरा की ओर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि कुंजारा जंगल के पास आरोपी पिकअप वाहन (क्रमांक JH 07 E 9167) को छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने मौके से छोड़े गए पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है तथा ATM परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अलग-अलग टीमों का गठन कर आरोपियों की सघन तलाश शुरू कर दी गई है। जशपुर पुलिस पूरे मामले की प्रोफेशनल तरीके से जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

