विजय हजारे ट्रॉफी : रोमांचक मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने हिमाचल प्रदेश को 3 विकेट से हराया
रायपुर। जयपुर के अनंतम ग्राउंड में 3 जनवरी को खेले गए विजय हजारे ट्रॉफी के मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने हिमाचल प्रदेश को बेहद रोमांचक मैच में 3 विकेट से शिकस्त दी। मुकाबले का फैसला आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर हुआ। टॉस जीतकर हिमाचल प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 320 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। हिमाचल प्रदेश की ओर से पुखराज मान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 121 गेंदों में 134 रन बनाए, जबकि इनेश महाजन ने 108 गेंदों पर 95 रन की अहम पारी खेली। छत्तीसगढ़ की गेंदबाजी में रवि किरण ने 9 ओवर में 65 रन देकर 3 विकेट लिए, वहीं देव आदित्य सिंह ने 2 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम ने 49.4 ओवर में 7 विकेट खोकर 321 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में आयुष पांडे और अमनदीप खरे की पारियां निर्णायक रहीं। आयुष पांडे ने 87 गेंदों पर 78 रन बनाए, जबकि कप्तान अमनदीप खरे ने मात्र 52 गेंदों में तेज़ 72 रन जड़कर दबाव को हिमाचल प्रदेश पर डाल दिया। हिमाचल की ओर से वैभव अरोड़ा ने 9.4 ओवर में 2 विकेट लिए, जबकि रोहित कुमार ने 10 ओवर में 2 विकेट हासिल किए। अंततः छत्तीसगढ़ ने 2 गेंद शेष रहते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला 3 विकेट से जीत लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए आयुष पांडे को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

