April 26, 2026

जशपुर में NH-43 पर भीषण सड़क हादसा, दो ट्रक चालकों की मौके पर मौत

0
00

जशपुर(गौरी शंकर गुप्ता)। जशपुर जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर काईकछार गांव के पास बीती रात करीब 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां दो भारी मालवाहक ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों के चालक केबिन में फंस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने कटर मशीन की मदद से ट्रकों के केबिन काटकर शवों को बाहर निकाला। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ट्रक झारखंड से छत्तीसगढ़ की ओर कोयला लेकर आ रहा था, जबकि दूसरा ट्रक छत्तीसगढ़ से झारखंड की ओर मक्का लेकर जा रहा था। मक्का लोड ट्रक के चालक की पहचान बगीचा निवासी नीलेश केरकेट्टा के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे ट्रक का चालक झारखंड का निवासी बताया जा रहा है, जिसकी पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है। हादसे के चलते कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कर बहाल कराया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *