युवा कांग्रेस रायगढ़ ने मनाया सोनिया गांधी का जन्मदिन
मातृ शक्ति सम्मान दिवस के रूप में सफाई कर्मचारियों को कंबल देकर किया सम्मानित


घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता) । रायगढ़ जिला युवा कांग्रेस ग्रामीण ने जिला अध्यक्ष उस्मान बेग के नेतृत्व में कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का जन्मदिन मातृ शक्ति सम्मान दिवस के रूप में मनाया। इस अवसर पर घरघोड़ा क्षेत्र की महिला सफाई कर्मचारियों को कंबल वितरित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम प्रदेश प्रभारी अमित पठानिया, मोनिका मंडारे, प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा और राकेश पांडेय के निर्देश पर आयोजित किया गया।


युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि सोनिया गांधी महिलाओं के सशक्तिकरण और सम्मान की प्रतीक हैं। उनके जन्मदिन को सेवा और सम्मान के रूप में मनाना समाज के प्रति उनके योगदान को नमन करना है। सफाई कर्मचारियों ने सम्मान पाकर खुशी जताई और युवाओं को आशीर्वाद दिया।

कांग्रेस नेता शिव शर्मा, किरोड़ी तायल और सुरेन्द्र चौधरी ने कहा कि सोनिया गांधी केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लगातार संघर्ष कर रही हैं और उनकी प्रेरणा से ही कांग्रेस पूरे देश में भाजपा के खिलाफ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के मार्गदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क से संसद तक जनहित के मुद्दों पर संघर्षरत हैं। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष उस्मान बेग ने सोनिया गांधी के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए उनके नेतृत्व में पारित ऐतिहासिक यूपीए कानूनों—ग्रामीण रोजगार गारंटी, शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार और खाद्य सुरक्षा अधिनियम—का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि निजी जीवन में कठिन चुनौतियों के बावजूद सोनिया गांधी ने देश की राजनीति को नई दिशा दी है। लीलाधर साहू और दयाशंकर बेहरा ने भी कहा कि सोनिया गांधी का जन्मदिन केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि भारतीय राजनीति में उनके स्थायी प्रभाव और योगदान का प्रतीक है। कार्यक्रम में शिव शर्मा, किरोड़ी तायल, सुरेन्द्र चौधरी, लीलाधर साहू, दया शंकर बेहरा, हेम सिंह राठिया, गणेश राम राठिया, नारायण शर्मा, शिवम गुप्ता सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता, महिलाएं, बुजुर्ग एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

