सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी : छत्तीसगढ़ ने रेलवे को हराया, 78 रन की नाबाद पारी खेल अमनदीप बने प्लेयर ऑफ द मैच
रायपुर/लखनऊ। सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी 2025-26 का आयोजन 26 नवंबर से किया जा रहा है। जिसमें ग्रुप ए में छत्तीसगढ़ की टीम का मैच 08 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेजी स्टेडियम, लखनऊ में रेलवे टीम के खिलाफ खेला गया। कप्तान अमनदीप की नाबाद अर्धशतकीय पारी से छत्तीसगढ़ की टीम ने शानदार जीत दर्ज की। छत्तीसगढ़ ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। रेलवे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 10 विकेट खोकर 170 रन बनाये। रेलवे की ओर से सूरज आहुजा ने 47 रन तथा नवनित विर्क ने 30 रन बनाए। रवि सिंह तथा अक्षत पांडे ने 21-21 रनों का योगदान दिया। छत्तीसगढ़ की ओर से रवि किरण तथा अजय मंडल ने 2-2 विकेट प्राप्त किए। 171 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ ने 19.1 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाकर आसानी से मैच जीत लिया। छत्तीसगढ़ की ओर से कप्तान अमनदीप खरे ने नाबाद 78 रनों की शानदार पारी खेली। उनके अतिरिक्त संजित देसाई ने 36 तथा प्रतिक यादव ने 17 रन बनाए। रेलवे की ओर से कुणाल यादव ने 2 विकेट प्राप्त किए। छत्तीसगढ़ ने 5 विकेट से मैच जीत लिया।

