एनटीपीसी रायगढ़ के उप महाप्रबंधक विजय दुबे 4.50 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। छत्तीसगढ़ में एसीबी-ईओडब्ल्यू (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो एवं आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनटीपीसी रायगढ़ के उप महाप्रबंधक विजय दुबे को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।मामला घरघोड़ा अनुविभाग के ग्राम तिलाईपल्ली गांव से जुड़ा है, जहां निवासी सौदागर गुप्ता ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उनके गांव में स्थित मकान का तीन हिस्सों में मौखिक बंटवारा हुआ था, जिसमें वह और उनके दो पुत्र अलग-अलग हिस्सों में रहते हैं। एनटीपीसी द्वारा जमीन और मकान का अधिग्रहण किए जाने पर मुआवजा मिल चुका था, लेकिन पुनर्वास के तहत उनके पुत्रों को करीब 30 लाख रुपये मिलने थे। इसमें से 14 लाख रुपये मिल चुके थे, जबकि शेष 16 लाख रुपये के भुगतान के बदले विजय दुबे ने पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। आरोप है कि पहले ही 50 हजार रुपये वह ले चुका था। सौदागर गुप्ता रिश्वत देना नहीं चाहते थे, बल्कि आरोपी को रंगे हाथों पकड़वाना चाहते थे। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई और आज की गई कार्रवाई में विजय दुबे को 4.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया। उन्हें गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 (संशोधित 2018) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
