ब्लैकमेलर के किरदार में आएंगी नजर दिव्या
मुंबई । दिव्या खोसला और नील नितिन मुकेश की कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘एक चतुर नार’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में नील और दिव्या के बीच चालाकी का खेल देखने को मिल रहा है। फिल्म में दिव्या ने एक ब्लैकमेलर का किरदार निभाया है। ट्रेलर की शुरुआत दिव्या खोसला की आवाज से होती है, जिसमें वो कहती हैं कि ‘हर शहर में दो तरह की बस्ती होती है। एक नदी किनारे वाली और एक नाले किनारे वाली…’ ट्रेलर में दिखाया गया है कि दिव्या खोसला फिल्म में गरीब बनी हैं, जो अपनी जीविका चलाने के लिए अलग-अलग काम करती दिखती हैं। जबकि नील नितिन मुकेश फिल्म में अभिषेक वर्मा के किरदार में नजर आएंगे, जो एक पैसे वाला शख्स है। ट्रेलर से पता चलता है कि फिल्म में दिव्या खोसला के हाथ कुछ ऐसा लगता है, जिससे वो नील नितिन मुकेश को ब्लैकमेल करने लग जाती है। फिर आगे कहानी किस तरह से मजाकिया से गंभीर हो जाती है, ये फिल्म देखने के बाद पता चलेगा। फिल्म का ट्रेलर फिल्म के बारे में ज्यादा कुछ तो नहीं बताता है, लेकिन इतना गारंटी जरूर देता है कि फिल्म कॉमेडी, सस्पेंस और ड्रामा से भरपूर होने वाली है। रहस्य, चालाकी और माइंग गेम से भरपूर ये ट्रेलर एक ऐसी कहानी का दावा करता है जहां चतुराई सबसे बड़ा हथियार बन जाती है। ट्रेलर में आवाज आती है ‘होशियारी शुरू’… इस टैगलाइन से साफ है कि फिल्म में दिमागी चालें, धोखे और अप्रत्याशित मोड़ देखने को मिल सकते हैं।
ऐसा माना जा रहा है कि यह फिल्म कॉमेडी और थ्रिलर का मिश्रण होगी। बैकग्राउंड लाल-नारंगी रंगों से भरा हुआ है, जो गहराई, ड्रामा और सस्पेंस का एहसास कराता है। पोस्टर के एक कोने में 500 के नोट की भी झलक है, जो फिल्म की थीम में पैसा और चालबाजी को स्पष्ट करता है। दिव्या खोसला ने अपने इंस्टाग्राम कैप्शन में लिखा, हर नजर रुकेगी… और रुकेगी सिर्फ चतुर पे! ‘एक चतुर नार’ 12 सितंबर से सिनेमाघरों में। फिल्म का निर्देशन उमेश शुक्ला कर रहे हैं, जो पहले भी ‘ओह माय गॉड’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। वहीं फिल्म के निर्माता आशीष वाघ और जीशान अहमद हैं। ट्रेलर में दिव्या खोसला और नील नितिन मुकेश के अलावा भी कई कलाकार नजर आए हैं। इनमें छाया कदम, सुशांत सिंह, रजनीश दुग्गल, जाकिर हुसैन, यशपाल शर्मा, हेली दारूवाला, रोज सरदाना और गीता अग्रवाल शर्मा शामिल हैं।

