भावोल्लास चातुर्मास : मुक्ति का मार्ग केवल तीर्थंकर परमात्मा की वाणी से संभव – तीर्थ श्री प्रेम विजय जी महाराज
तीन दिन दिन उपवास के पश्चात शत्रुंजय तपस्वियों का आज पहली व्यासना हुआ।
रायपुर। परम पूज्य गुरु भगवंत तीर्थ श्री प्रेम विजय जी महाराज साहब ने आज उत्तराध्ययन सूत्र के प्रथम अध्याय “विनय गुण” पर आधारित दिव्य प्रवचन में बताया कि विनम्रता ही धर्म की प्राप्ति का प्रथम और सबसे महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति में विनय का गुण आ जाता है, वह परम तत्व की प्राप्ति के योग्य बन जाता है। प्रवचन के दौरान गुरुदेव ने एक रोचक और प्रेरणादायी कथा सुनाई जिसमें एक युवक परम तत्व की प्राप्ति हेतु सद्गुरु की तलाश करता है। सद्गुरु उसे निर्देश देते हैं कि वह मार्ग की सबसे तुच्छ वस्तु लेकर आए। युवक गाय, घास, मिट्टी आदि को तुच्छ मानकर साथ लाने का प्रयास करता है, परंतु प्रत्येक वस्तु उसे अपने महत्व का बोध कराकर यह समझा देती है कि वह तुच्छ नहीं है। अंततः युवक को यह बोध होता है कि सबसे तुच्छ तो वह स्वयं है – जो दूसरों को तुच्छ मानता है। जब वह इस विनय भाव के साथ गुरु के समक्ष प्रस्तुत होता है, तब गुरु उसे परम तत्व की प्राप्ति का मार्ग प्रदान करते हैं। गुरु भगवंत ने पंन्यास प्रवर श्री भद्रंकर जी मारा साहब के 51 करोड़ नवकार मंत्र जाप की तपस्या का भी उल्लेख किया और बताया कि एक वास्तविक नमस्कार के लिए व्यक्ति को निम्न भावों को जीवन में धारण करना चाहिए:
- मैं बेचारा हूँ
- हे परमात्मा, मैं गुनहगार हूँ
- जो भी कुछ है, वह आपके उपकार से ही संभव है
- मैं आपका वंशज हूँ
- मैं आपकी शरणागति स्वीकार करता हूँ
- आपकी शरण में कोई संकट नहीं
- मैं आपका आभारी हूँ
- आप गुणों से परिपूर्ण हैं, मैं उन गुणों का भिखारी हूं
- अब मैं मुक्त होकर आपके ही शरण में आया हूँ, अन्यत्र नहीं जाऊँगा
गुरुदेव ने स्पष्ट कहा कि “हर दिन हम अनेक देवी-देवताओं की पूजा करते हैं, किंतु मुक्ति का मार्ग केवल तीर्थंकर परमात्मा की वाणी से ही संभव है।”

विशेष कार्यक्रमों की जानकारी:
कल सुबह का प्रवचन:
श्री ऋषभदेव भगवान पर आधारित ऋषभायन विषय पर विवेचन गुरु भगवंत द्वारा किया जाएगा।
बच्चों के लिए विशेष सत्र:
कल दोपहर 2:00 बजे “गिरिराज फाइल्स: शत्रुंजय महात्म्य” विषय पर 20 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए प्रेरणात्मक कार्यक्रम का आयोजन होगा।
कार्यक्रम से बाद सभी बच्चों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई है।
महिलाओं के लिए विशेष आयोजन:
अगले शनिवार को महिलाओं के लिए एक विशेष धार्मिक और प्रेरणात्मक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसकी जानकारी शीघ्र दी जाएगी।
