June 11, 2026

सनकी व्यक्ति ने पत्नी, मां, भाई, बहन समेत परिवार के आठ लोगों को कुल्हाड़ी से मार डाला

0
सनकी व्यक्ति ने पत्नी, मां, भाई, बहन समेत परिवार के आठ लोगों को कुल्हाड़ी से मार डाला

छिंदवाड़ा के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में सामूहिक हत्याकांड, आरोपी ने कर ली खुदकुशी



छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में बुधवार को मानसिक रुप से विक्षिप्त व्यक्ति ने अपने संयुक्त परिवार के आठ लोगों की कुल्हाड़ी से काटकर कथित तौर पर हत्या कर दी और बाद में आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि यह घटना बोदल कछार गांव में देर रात करीब 2.30 बजे हुई। इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने संवाददाताओं को बताया कि दिनेश सरियाम (26) नामक व्यक्ति मानसिक रूप से विक्षिप्त था और उसकी 21 मई को शादी हुई थी। अधिकारी ने बताया कि उसने अपनी पत्नी, मां, बहन, भाई, भाई की पत्नी और तीन नाबालिग बच्चों की कथित तौर पर हत्या कर दी। बाद में उसने अपने दूसरे भतीजे पर भी हमला किया, लेकिन वह मौके से भागने में सफल रहा। खत्री ने बताया कि सुबह-सुबह एक महिला ने शोर मचाया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उस व्यक्ति की तलाश की, लेकिन बाद में वह एक पेड़ से लटका हुआ पाया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायल व्यक्ति का छिंदवाड़ा के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर दुख व्यक्त किया और मंत्री सम्पतिया उइके को छिंदवाड़ा जाकर मृतकों के अन्य परिजनों से मिलने का निर्देश दिया। अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया जांच से पता चला है कि वह व्यक्ति मानसिक रूप से अस्थिर था। एसपी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।

हत्या का कारण नहीं आया सामने
आठ लोगों की हत्या के मामले में अब तक कारण का पता नहीं चला है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त था और उसने कुल्हाड़ी लेकर माता-पिता पत्नी भाई बहन भतीजी सहित परिवार के आठ लोगों को मौत के घाट उतार दिया, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भी घर से थोड़ी दूर जाकर फांसी के फंदे में लटक गया।

सबसे पहले पत्नी को उतारा मौत के घाट
पुलिस के मुताबिक आरोपी की शादी बीते 21 मई को हुई थी और सबसे पहले उसने पत्नी को ही मौत के घाट उतारा आरोपी द्वारा फिर 55 वर्षीय मां, 35 वर्षीय भाई, 30 वर्षीय भाभी, 16 वर्षीय बहन, 5 वर्षीय भतीजी, 4 एवं डेड वर्षीय दो भतीजियों को कुल्हाड़ी मार के मौत के घाट उतार दिया पुलिस ने घटनास्थल से कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *