April 26, 2026

3100 रुपए प्रति क्विंटल धान का भुगतान कब होगा : कांग्रेस

0
sushil anand shukla

राजीव गांधी किसान न्याय योजना की चौथी किस्त की राशि तत्काल जारी करें



रायपुर। उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा राजीव गांधी किसान न्याय योजना की चौथी किस्त के भुगतान के संबंध में दिये गये बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, यह किसानों का अधिकार है, इसका भुगतान तत्काल किया जाना चाहिये। राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीन किस्तों का भुगतान किया जा चुका है और चौथी किस्त के भुगतान का प्रावधान बजट में किया गया है, लेकिन भाजपा नेता दुर्भावनापूर्वक जनकल्याणकारी योजनाएं साल खत्म होने से पूर्व ही बंद करने का षड़यंत्र रच रहे हैं। भाजपा नेता यह स्पष्ट करें कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना की चौथी किस्त छत्तीसगढ़ के किसानों को कब मिलेगी या उसे भी हड़पने की मंशा है?
उन्होंने कहा, मोदी की गारंटी के नाम पर 3100 रुपए प्रति क्विंटल एकमुश्त देने का वादा करके सत्ता में बैठे भाजपा के नेता यह बताएं कि एमएसपी और अंतर की राशि छत्तीसगढ़ के किसानों को कब मिलेगी? किसानों द्वारा लिया गया कर्ज लिंकिंग के माध्यम से शत-प्रतिशत वसूला जा रहा है, लेकिन किसानों को भुगतान केवल 2183 रुपए प्रति क्विंटल की दर से ही हो रहा है। आखिर किसानों के हक और अधिकारों पर कब तक डकैती डालते रहेंगे भाजपाई? उन्होंने कहा, आदतन किसान विरोधी भाजपाई चुनाव जीतते ही वादाखिलाफी पर उतर आए हैं। डिप्टी सीएम विजय शर्मा व भाजपा प्रत्याशी चुनाव प्रचार के दौरान छत्तीसगढ़ के सभी किसानों का 2 लाख तक का कर्ज माफ करने का वादा करते दिखे, लेकिन सरकार बनते ही भाजपा नेताओं ने यू टर्न ले लिया। धान और किसान का विषय भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के लिए केवल चुनावी है, चुनाव खत्म मुद्दा खत्म। आदतन वादाखिलाफी करने वाले भाजपाई अब छत्तीसगढ़ के किसानों के प्रति अपने दायित्व से भाग रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *