
गुवाहाटी। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने तीसरे टी-20 मैच में भारतीय क्रिकेट टीम को 5 विकेट से हराकर खुद को सीरीज में जीवित रखा है। बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में भारत ने पहले खेलते हुए रुतुराज गायकवाड़ के शतक (123*) की बदौलत 3 विकेट के नुकसान पर 222 रन बनाए। जवाब में मेहमान टीम ने ग्लेन मैक्सवेल के शतक (104*) की मदद से आखिरी गेंद पर लक्ष्य हासिल कर मैच को 5 विकेट से जीत लिया। ऐसा रहा रोचक मुकाबला : टॉस हारकर पहले खेलते हुए भारत ने 24 रन तक यशस्वी जायसवाल (6) और ईशान किशन (0) के विकेट खो दिए। खराब शुरुआत के बाद सूर्यकुमार यादव (39) और गायकवाड़ ने पारी को संभाला। इसके बाद गायकवाड़ ने शतक लगाया और तिलक वर्मा (31*) के साथ मिलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। वहीं टारगेट पूरा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया टीम के लगातार गिर रहे विकेटों के बीच ट्रेविस हेड (35) ने अच्छी पारी खेली। अंत में मैक्सवेल ने 104 रन की पारी खेलकर जीत दिलाई।



