60 लाख की चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, मोवा के दो युवक गिरफ्तार

रायपुर, 8 अगस्त 2026। आमानाका थाना क्षेत्र में एक सूने मकान से लाखों रुपये के जेवरात और नगदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल समेत करीब 60 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है।मामला अरिहंत नगर, सरोना का है। पुलिस के अनुसार मकान मालिक रविकान्त गुप्ता 28 जुलाई को परिवार के साथ घर से बाहर गए थे। इसी दौरान चोरों ने मकान को निशाना बनाया। घर का ताला तोड़ने के बाद आरोपी अंदर पहुंचे और आलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नगदी तथा अन्य सामान लेकर फरार हो गए।घटना की जानकारी मिलने के बाद आमानाका पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस की कई टीमों को लगाया गया। टीमों ने घटनास्थल के आसपास के CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली और इलाके में संदिग्ध लोगों की आवाजाही की जानकारी जुटाई।जांच के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले। CCTV फुटेज, मुखबिरों से मिली जानकारी और अन्य साक्ष्यों को जोड़ते हुए पुलिस ने करण तांडी उर्फ केडे और लक्ष्मी नारायण गोस्वामी उर्फ मोंटी को संदेह के आधार पर पकड़ा।पूछताछ के शुरुआती दौर में दोनों ने घटना में शामिल होने से इनकार किया। पुलिस के अनुसार, आगे की पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और नगदी बरामद की।पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामलेपुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। उनके खिलाफ थाना पंडरी क्षेत्र में चोरी और मारपीट के मामले दर्ज रहे हैं।पुलिस के मुताबिक लक्ष्मी नारायण गोस्वामी उर्फ मोंटी पर 12 जुलाई को पंडरी के दुबे कॉलोनी स्थित श्री बालाजी मेडिकल कॉलेज परिसर से AC के कॉपर वायर चोरी करने का भी आरोप है। इस मामले के बाद से वह फरार चल रहा था।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।गिरफ्तार आरोपीकरण तांडी उर्फ केडे (21 वर्ष) — मोवा तालाब के पास, आदर्श नगर, सतनाम भवन के सामने, पंडरी-मोवा।लक्ष्मी नारायण गोस्वामी उर्फ मोंटी (19 वर्ष) — महालक्ष्मी नगर, गणेश मूर्तिकार के सामने, पंडरी-मोवा।



