June 11, 2026

भाजपा संगठन में अमित चतुर्वेदी में बड़ी जिम्मेदारी : सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक बने

0
भाजपा संगठन में अमित चतुर्वेदी में बड़ी जिम्मेदारी : सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक बने

बिलासपुर (गौरी शंकर गुप्ता)। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता अमित चतुर्वेदी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें सांस्कृतिक प्रकोष्ठ का जिला संयोजक नियुक्त किया है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से हुई इस नियुक्ति को जिले के राजनीतिक और सांस्कृतिक परिदृश्य में अहम माना जा रहा है। जैसे ही उनके नाम की घोषणा हुई, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। जगह-जगह मिठाई बांटकर और आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया गया।



अमित चतुर्वेदी का राजनीतिक सफर लगभग तीन दशक पुराना रहा है। उन्होंने वर्ष 1997 में विकास नगर वार्ड क्रमांक 1 से भारतीय जनता युवा मोर्चा के वार्ड अध्यक्ष के रूप में अपनी सक्रिय राजनीति की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने संगठन में लगातार सक्रिय रहते हुए पश्चिम मंडल मंत्री, युवा मोर्चा महामंत्री और मुख्यधारा भाजपा में पश्चिम मंडल महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनकी संगठन क्षमता, कार्यशैली और जमीनी पकड़ को देखते हुए ही पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए यह नई जिम्मेदारी सौंपी है।

अपने पिछले कार्यकाल में अमित चतुर्वेदी ‘लाभार्थी सम्मेलन’ और ‘संकल्प से परिवर्तन तक’ जैसे बड़े आयोजनों के प्रमुख सूत्रधार रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ संगठन की विचारधारा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

नवनियुक्त जिला संयोजक अमित चतुर्वेदी ने इस जिम्मेदारी के लिए प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उनका उद्देश्य सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से संगठन को जिले के हर कोने तक मजबूत करना और स्थानीय परंपराओं व सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजना रहेगा।

उनकी इस नियुक्ति पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। संगठन को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में सांस्कृतिक प्रकोष्ठ नई ऊर्जा और दिशा के साथ कार्य करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *