एशियाई खेल : नीरज चोपड़ा ने जीता स्वर्ण, भारत के खाते में पहली बार 70+ पदक

Spread the love

नीरज, रिले टीम और तीरंदाजों ने जीता स्वर्ण

हांगझोउ । ओलंपिक और विश्व चैंपियन नीरज चोपड़ा ने अपेक्षा के अनुरुप प्रदर्शन करते हुए इस सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ 88.88 मीटर का थ्रो फेंककर एशियाई खेलों की भालाफेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता जबकि किशोर जेना ने 87.54 मीटर के साथ रजत पदक हासिल किया। भारत ने बुधवार को एथलेटिक्स में सात पदक जीते। भारतीय दल ने एशियाई खेलों में पदकों के लिहाज से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और पिछले खेलों में 70 पदक के आंकड़े को पीछे छोड़ा। भारत ने 2018 एशियाई खेलो में 16 स्वर्ण सहित कुल 70 पदक जीते थे। इसके कुछ पल बाद ही अनस मोहम्मद याहिया, अमोज जैकब, मुहम्मद अजमल वी और राजेश रमेश की चौकड़ी ने 3:01.58 सेकंड का समय निकालकर पुरुषों की चार गुणा 400 मीटर रिले दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। भारत की वित्या रामराज, ऐश्वर्य मिश्रा, प्राची और शुभा वेंकटेशन ने महिला वर्ग में रजत पदक हासिल किया। भारतीय चौकड़ी ने 3:27.85 सेकंड का समय निकाला। हरमिलन बैंस और अविनाश साबले ने क्रमश: महिलाओं की 800 मीटर और पुरूषों की 5000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीते। हरमिलन ने 2:03.75 सेकंड और साबले ने 13.21.09 मिनट का समय निकाला।

ओजस-ज्योति को स्वर्ण

भारतीय तीरंदाजों ज्योति सुरेखा वेन्नम और ओजस देवताले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बुधवार को यहां फाइनल में दक्षिण कोरिया की जोड़ी को हराकर कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। मौजूदा खेलों में भारत के चार पदक हो गए हैं जो इंचियोन 2014 में एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक सहित कुल तीन पदक के देश के अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से बेहतर है। शीर्ष दो वरीयता प्राप्त जोड़ियों के बीच हुए फाइनल में शीर्ष वरीय भारतीय जोड़ी ने बेहद रोमांचक और करीबी मुकाबले में जो चेइवोन और जू जेइहून की जोड़ी को 159-158 से हराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *